Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति और शिकायतों के निपटारे के लिए 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। कलेक्टर ने जनता से अफवाहों से बचने की अपील की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में समस्या आती है या कोई एजेंसी अनियमितता बरतती है, तो वे सीधे दूरभाष क्रमांक 07582-224543 पर संपर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर संदीप जीआर ने शुक्रवार को नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
कंट्रोल रूम के सुचारू संचालन के लिए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सौरभ यादव को प्रभारी नियुक्त किया गया है। व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तीन अलग-अलग शिफ्टों में लगाई गई है:
• शिफ्ट का समय | तैनात अधिकारी/कर्मचारी
• प्रातः 06:00 से दोपहर 02:00 बजे | शिवकुमार साहू और संजय पांडेय
• दोपहर 02:00 से रात्रि 10:00 बजे | मनोज नायक और विकास कोरी
• रात्रि 10:00 से प्रातः 06:00 बजे | के. के. श्रीवास्तव और किशन चौरसिया
कलेक्टर ने सभी तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लें और उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, जिले की सभी गैस एजेंसियों पर सिलेंडर वितरण की सतत निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी क्षेत्र में कृत्रिम अभाव की स्थिति पैदा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे