विशेष योग्यजनों की सेवा एवं सहायता पुनीत कार्य : डॉ. गर्ग
धौलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं सेठ निनुआराम चेरिटेबल पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में 10वें तीन दिवसीय शिविर का आगाज शुक्रवार को हुआ। शहर के मयूरी विशेष विद्यालय में आयोजित शिविर में विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरणों का वितरण किया
विशेष योग्यजनों की सेवा एवं सहायता पुनीत कार्य : डॉ. गर्ग


धौलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं सेठ निनुआराम चेरिटेबल पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में 10वें तीन दिवसीय शिविर का आगाज शुक्रवार को हुआ। शहर के मयूरी विशेष विद्यालय में आयोजित शिविर में विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। आयोजन में राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं सोसायटी के सचिव डॉ. आरएस गर्ग ने कहा कि विशेष योग्यजनों की सेवा एवं सहायता एक पुनीत कार्य है। इसी कारण समिति की ओर से विशेष योग्यजनों के लाभार्थ इस शिविर का आयोजन किया गया है। डॉ. गर्ग ने बताया कि श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर की सहभागिता तथा मयूरी सर्जीकल हास्पीटल धौलपुर के सौजन्य से 13 मार्च से 15 मार्च तक शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के द्वारा पात्र निःशक्तजनों को व्हील चेयर, बैसाखी, कैलिपर्स, कृत्रिम पैर (जयपुर फुट) श्रवण यंत्र आदि उपकरण मौके पर ही वितरित किये जा रहे हैं। सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक देवेंद्र जंगल ने सरकार द्वारा संचालित विशेष योग्यजनों के कल्याण की योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला तथा आम जन से ऐसे शिविरों का लाभ लेने का आग्रह किया। विशिष्ट अतिथि जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेष योग्यजनों को संबल मिलता है। ऐसे आयोजनों की महती आवश्यकता है तथा इस पुनीत कार्य के लिए सोसायटी धन्यवाद की पात्र है। सोसायटी के अध्यक्ष शिवशंकर अग्रवाल ने संस्था द्वारा संचालित कार्यों के बारे में जानकारी दी। श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के प्रतिनिधि मदन मोहन शर्मा ने समिति द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। अंत में मयूरी विशेष विद्यालय धौलपुर की निदेशक मधु गर्ग ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर आरएसएस के जिला प्रचारक रौनक कुमार, शिक्षाविद अनुराग शर्मा, संस्था प्रतिनिधि रामकुमार गर्ग, विशंभर दयाल शर्मा एवं मुरारी लाल अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन भूपेन्द्र पाराशर ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप