Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सागर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना बहरोल क्षेत्र में शुक्रवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की सूझबूझ व त्वरित समन्वय ने एक बड़ी घटना को होने से रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 09:00 बजे स्थानीय नागरिकों ने बैंक परिसर से धुआं निकलता देखा। इसकी सूचना तुरंत डायल-112 राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल को दी गई। कंट्रोल रूम की तत्परता से सागर पुलिस मुख्यालय को अलर्ट मिला और बिना समय गंवाए थाना बहरोल पुलिस सहित फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर रवाना की गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में शटर खुलवाते ही देखा गया कि अंदर आग की लपटें तेज हो रही थीं। पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए फायर ब्रिगेड के कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बैंक प्रबंधन फिलहाल आग से हुए दस्तावेजी या तकनीकी नुकसान का आकलन कर रहा है। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझ गई, अन्यथा बैंक के कैश और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को बड़ा नुकसान पहुँच सकता था।
स्थानीय निवासियों ने सागर पुलिस के इस 'क्विक रिस्पॉन्स' की सराहना करते हुए कहा कि यदि डायल-112 और बहरोल पुलिस समय पर नहीं पहुँचती, तो आसपास की दुकानों और बैंक की संपत्ति को भारी नुकसान हो सकता था। यह घटना एक बार फिर आपात स्थितियों में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय की मिसाल पेश करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे