Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़,13 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारिया में शुक्रवार को मनरेगा कार्य के निरीक्षण के दौरान पंचायत के सहायक सचिव के साथ गांव के एक युवक ने गाली-गलौंज करते हुए काॅलर पकड़ी और मारपीट कर दी।
पुलिस ने शुक्रवार को सहायक सचिव की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस के अनुसार ग्राम कचनारिया में मनरेगा कार्य के निरीक्षण के लिए मुंबई से शासकीय टीम पहुंची थी। टीम के साथ पंचायत सहायक सचिव दिनेश पुत्र ताराचंद प्रजापति मौजूद था, जो टीम को गांव में संचालित मनरेगा कार्यों की जानकारी दे रहा था।
इसी दौरान गांव का अर्जुन चंद्रवंशी मौके पर पहुंचा और टीम को बुलाने को लेकर सहायक सचिव से सवाल करने लगा, जिस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया,जिस पर आरोपित अर्जुन ने गाली-गलौंज करते हुए सहायक सचिव की काॅलर पकड़ ली, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर मामले को शांत किया। पुलिस ने सहायक सचिव दिनेश प्रजापति की शिकायत पर आरोपित अर्जुन चंद्रवंशी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक