Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 13 मार्च (हि.स.)। जनपद हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा सभी सरकारी और निजी वाहनों में डस्टबिन लगाए जाने का अभियान शुरू किया गया है। इस पहल का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और सीडीओ ललित नारायण मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी सरकारी और निजी वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति वाहन से कूड़ा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा और लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा ने बताया कि इस पहल के तहत सबसे पहले जनपद के सरकारी वाहनों में डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति को रोकना है। उन्होंने सभी निजी और वाणिज्यिक वाहन संचालकों से भी अपने वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने की अपील की, ताकि यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखी जा सके।
उन्होंने जनपदवासियों और वाहन संचालकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ हरिद्वार केवल प्रशासन का लक्ष्य नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत बना ले, तो ‘हरिद्वार स्वच्छ हो अपना’ का संकल्प अवश्य साकार होगा। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद सभी सरकारी वाहनों के चालकों को डस्टबिन वितरित किए गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनी घिल्डियाल, परिवहन कर अधिकारी वरना सैनी, परिवहन सहायक निरीक्षक अनिल कुमार, पुनीत नागर तथा परिवहन आरक्षी सचिन, अर्जुन और राहुल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला