बदलते मौसम से बढ़ रहे मौसमी बीमारियों के मरीज, राघोपुर रेफरल अस्पताल में रोज 200 से अधिक पहुंच रहे लोग
सुपौल, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे राघोपुर रेफरल अस्पताल सहित नि
अस्पताल


सुपौल, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे राघोपुर रेफरल अस्पताल सहित निजी क्लीनिकों में भी भारी भीड़ उमड़ रही है।

रेफरल अस्पताल राघोपुर में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे से मरीजों को देखने के लिए बैठने वाले चिकित्सकों को देर रात तक मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। वहीं निजी क्लीनिकों में भी मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है।

चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों डिहाइड्रेशन, उल्टी, दस्त, सर्दी-जुकाम, बुखार और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज अधिक आ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन के सेवन से उल्टी, दस्त, डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

रेफरल अस्पताल के प्रभारी व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीप नारायण राम ने बताया कि इन दिनों मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है, जिसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन का असर विशेष रूप से शिशुओं और बुजुर्गों पर अधिक पड़ता है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है।

चिकित्सकों ने लोगों को खान-पान और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दूध का सेवन उबालकर करें, फल-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर खाएं और पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीएं।

अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तैनात कर्मियों रणवीर और रमन ने बताया कि शुक्रवार को अस्पताल में लगभग 200 मरीजों का पंजीकरण किया गया। चिकित्सकों ने लोगों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र