एडीजी ने त्योहाराें और दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस को दिये सख्त निर्देश
त्योहारों और दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर बरेली जोन में हाई अलर्ट, एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बरेली जोन कार्यालय में एडीजी रमित शर्मा अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, त्योहारों की सुरक्षा और दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करते हुए।


बरेली, 13 मार्च (हि.स.) । ईद, रामनवमी और नवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक पर्वों के साथ ही दरोगा भर्ती परीक्षा को देखते हुए बरेली जोन में पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोन के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षा की तैयारियों और लंबित मामलों की समीक्षा की गई।

एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।

बैठक में 14 और 15 मार्च को प्रस्तावित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस/समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एडीजी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और सीसीटीएनएस में दर्ज मामलों की विवेचना 60 से 90 दिन के भीतर पूरी करने पर जोर दिया गया। ई-साक्ष्य और ई-सम्मन व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराधियों के सत्यापन और उनकी संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।

एडीजी ने ऑपरेशन दहन के तहत मादक पदार्थों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अभियान तेज करने के निर्देश दिए। वहीं जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार