Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ऊना, 13 मार्च (हि.स.)। थाना अम्ब के तहत ग्राम पंचायत लोअर अंदौरा के वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को एक कर्मचारी द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बुद्धि प्रकाश (48) पुत्र काली दास निवासी लोअर अंदौरा के रूप में हुई है। उक्त असहनीय घटना के वाद हंसता खेलता परिवार शोक में डूब गया
जानकारी के अनुसार बुद्धि प्रकाश ने अपने घर के बाहर बने शेड में एंगल से रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया।
शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने उन्हें शेड में लटका हुआ देखा तो वे घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।बताया जा रहा है कि बुद्धि प्रकाश विकास खंड गगरेट की ग्राम पंचायत बड़ोह में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे। वह किसी कार्य से शिमला गए हुए थे और गुरुवार शाम को ही घर लौटे थे। घर आने के बाद उन्होंने परिवार के साथ शाम को भोजन किया और कुछ समय बातचीत करने के बाद सभी सोने चले गए।
शुक्रवार को यह दुखद घटना सामने आने से परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके पिता राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त तहसीलदार हैं, जबकि उनकी पत्नी विकास खंड अंब में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल