Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ऊना, 13 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग द्वारा प्रकाशित ‘भीम विचार पत्र’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा तथा शालिनी और आयोग के सदस्य सचिव वरिंद्र शर्मा उपस्थित रहे।
यह प्रकाशन अनुसूचित जाति वर्ग के संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आयोग द्वारा प्रकाशित एक अन्य विचार पत्र का भी विमोचन किया, जिसमें हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग का परिचय, उसके उद्देश्य तथा प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने आयोग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयास समाज में जागरूकता और सशक्तिकरण को नई दिशा देंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि इन प्रकाशनों के माध्यम से आयोग के कार्यों, उद्देश्यों तथा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई है।इसी क्रम में आयोग अनुसूचित जाति समुदाय को संवैधानिक अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से 15 मार्च को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के थानाकलां में विशेष जन-जागरूकता शिविर का आयोजन भी करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल