Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 13 मार्च (हि.स.)। विंध्याचल धाम में आगामी 18-19 मार्च की मध्यरात्रि से शुरू होने वाले वासंतिक चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह ने शुक्रवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का एहसास करते हुए पारदर्शिता और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विभाग अपने यहां से कम से कम एक राजपत्रित अधिकारी को मेला नोडल अधिकारी नामित करे, जो संबंधित कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराए। उन्होंने नव निर्मित पीपा पुल के दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग और चार फीट ऊंची जाली लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचाव हो सके। साथ ही सभी विभागों को 17 मार्च तक सौ फीसदी कार्य पूरा करने को कहा।
पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह ने पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग का ठेका लेने वाले व्यक्तियों और वहां कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन कराया जाए तथा जिनका आपराधिक इतिहास हो उन्हें ठेका न दिया जाए। पार्किंग स्थलों और होटलों पर स्पष्ट रेट सूची लगाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने मेले के दौरान जाम की समस्या से बचाव के लिए पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त पेट्रोलिंग टीम बनाने को कहा।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने आश्वस्त किया कि मेले से पहले घाटों की बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, साफ-सफाई तथा मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी। वहीं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती की जानकारी दी।
बैठक से पहले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पंडा समाज के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही निर्देश दिया कि सभी पंडा निर्धारित ड्रेस और पहचान पत्र के साथ ही मंदिर में प्रवेश करें। बैठक में कई विभागीय अधिकारी और पंडा समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा