Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कांकेर, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में मामा-भांजी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली, दोनों का शव खेत में मिला। मृतकों की पहचान लक्ष्मीपुर के रहने वाले राकेश अचला (26) और जाबेली की रहने वाली कुमारी जगवती बडडे (20) के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में मामा-भांजी लगते थे। एक-दूसरे को पसंद करते थे, दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के रिश्ते से घर वाले नाराज थे।
मिली जानकारी के अनुसार, राकेश और जगवती एक-दूसरे को पसंद करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। 12 मार्च की रात दोनों टेकामेटा के रहने वाले नाथू दुगा के खेत पहुंचे, जहां उन्होंने कीटनाशक पी लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। 13 मार्च की सुबह ग्रामीण महुआ बीनने के लिए खेतों की ओर गए। इस दौरान उन्होंने कपल की लाश देखी, उनके मुंह से झाग निकल रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जाबेली सरपंच कैसियो खलको को दी। सरपंच ने छोटेबेठिया थाना पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। इधर, घटनास्थल पर पुलिस टीम ने दोनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शवों को आज परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
छोटेबेठिया थाना प्रभारी रमन उसेंडी ने बताया कि, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवक-युवती परिजनों के साथ रहते हुए मजदूरी करते थे। युवक अक्सर युवती के गांव आया करता था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे