Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थानाक्षेत्र के तीन स्थानों पर 24 घंटे के अंदर तीन लोगों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को दो मृतकों का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया गया। जबकि एक महिला का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में हरीबाबू कुटार की पत्नी शालिनी (25) ने गृहकलह के चलते शुक्रवार को घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हरीबाबू ने बताया कि जब घर के लोग काम के लिए खेतों में चले गए थे। तभी पत्नी सूना घर पाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी करीब चार साल पहले शादी हुई थी। वहीं शालिनी के पिता नंदकिशोर निवासी पंधरी ने दहेज उत्पीड़न के तहत हत्या की आशंका जताई है। मृतका के नजदीकी रिश्तेदार पंधरी के प्रधान प्रतिनिधि रजत कुटार ने बताया कि दहेज को लेकर ससुरालीजन इसके पहले भी मारपीट कर चुके थे।
इसी तरह दूसरी घटना में चंदपुरवा गांव में अमन तिवारी उर्फ कल्लू (26 ) पुत्र केशव ने घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताते हैं कि किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। मृतक के पिता केशव ने बताया कि अमन ट्रक ड्राइवरी करके परिवार का सहयोग करता था। किस कारण से आत्महत्या कर ली उन्हें जानकारी नहीं है। फैक्ट्री एरिया चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें कोई सूचना नहीं है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया है।
तीसरी घटना फैक्टरी एरिया क्षेत्र में घटित हुई। जिसमें प्रदीप कुमार (40) फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुत्र अभय कुमार ने बताया कि ई रिक्शा चलाते थे। सभी लोग खाना खाकर सोये थे। पिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है। चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। लेकिन आत्महत्या का कारण नहीं पता चल सका। परिजनों के अनुरोध पर शव का पंचनामा कर बिना पोस्टमार्टम के उनको सौंप दिया गया। जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सुलोचना, पुत्र अभय कुमार, अमर कुमार व पुत्री गौरी को रोता बिलखता छोड़ गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा