Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में आग लग गई। हादसे में करीब नौ लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें से एक घायल की पालनपुर (गुजरात) में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बनासकांठा (गुजरात) जिले के धानेरा में शुक्रवार तडक़े 3.30 बजे हुआ। आग में फंसे पैसेंजर्स ने इमरजेंसी गेट से बाहर कूदकर जान बचाई। सभी घायलों को धानेरा के हॉस्पिटल में एडमिट कराया है।
जानकारी के अनुसार स्वागत ट्रैवल्स की ये बस जैसलमेर के नाचना से अहमदाबाद के बीच ऑपरेट होती थी। नाचना से बस शुक्रवार शाम 6.30 बजे निकली थी। गुजरात बॉर्डर में एंट्री करते ही बस में अचानक धुंआ भर गया और आग लग गई। आशंका है कि एयर कंडीशन में शॉर्ट सर्किट से बस में आग लगी। हालांकि, पुलिस ने अब तक आग के कारणों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार बस में कुल 16 पैसेंजर्स थे। हादसे के दौरान सभी गहरी नींद में थे। पैसेंजर्स ने बताया कि आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। सभी पैसेंजर्स बस के पिछले हिस्से में इमरजेंसी गेट की ओर भागे। सभी के बाहर निकलने से पहले लपटें तेजी से फैल गई। इस कारण 9 लोग बुरी तरह से झुलस गए। जबकि 7 दूसरे पैसेंजर्स को हल्की चोट आई है। आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों का सारा सामान, कीमती दस्तावेज और मोबाइल फोन जलकर राख हो गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश