Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अनूपपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में इन दिनों रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो पाने से लोग कई दिनों से गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि मोबाइल से गैस बुकिंग करने पर ओटीपी नहीं आ रही है, जिसके कारण बुकिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही। वहीं एजेंसी पहुंचने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि जब तक ओटीपी प्राप्त नहीं होगा, तब तक बुकिंग संभव नहीं है।
जानकारी के अनुसार अनूपपुर जिले में वर्तमान में कुल 17 गैस एजेंसियों का संचालन किया जा रहा है, जिनसे लगभग 1 लाख 49 हजार 920 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनमें से 99 हजार 401 उपभोक्ता प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पंजीकृत हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि तकनीकी समस्या के कारण गैस बुकिंग प्रभावित होने से घरेलू रसोई का काम प्रभावित हो रहा है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन और गैस एजेंसियों से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
कई दिनों से लगा रहे हैं चक्कर
अनूपपुर निवासी मोहम्मद इसरार मंसूरी ने शुक्रवार को बताया कि 2025 में सितंबर महीने में उन्होंने गैस बुकिंग कराया था और गैस की किल्लत की जानकारी होने पर गुरुवार को सिलेंडर रिफिल करने के लिए पहुंचे जहां मोबाइल पर बुकिंग नहीं हो पाई जिसके कारण ओटीपी न मिलने से उन्हें वापस लौटना पड़ा।
उज्जवला कनेक्शन, कई महीनो से नहीं कराया रिफिल फिर भी नहीं मिला सिलेंडर
ग्राम हर्रा टोला निवासी बालकरण सिंह ने बताया कि उनके उज्ज्वल योजना का गैस सिलेंडर था जो की बारिश के मौसम में उन्होंने रिफिल कराया था जिसके बाद से आज तक रिफिल नहीं कराया। गुरुवार को जब रिफिल करने के लिए पहुंचे तो कई बार प्रयास करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो पाई। एजेंसी में भी कोई मदद नहीं मिल पा रही है इसलिए वापस लौटना पड़ा।
तीन दिनों से प्रयास कर रहे नहीं हो रही गैस की बुकिंग
अनूपपुर के वार्ड क्रमांक 11 निवासी तारानंद तिवारी ने बताया कि बीते तीन दिनों से गैस रिफिल करने के लिए बुकिंग करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन अब तक गैस की बुकिंग नहीं हो पाई है। एजेंसी आने पर यहां भी कोई मदद नहीं मिल रही है। उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं लेकिन ना तो कंपनी और ना ही प्रशासन उनकी कोई मदद कर रहे हैं।
एक सप्ताह से परेशान,नहीं मिल रही मदद
जिला मुख्यालय से लगे हुए ग्राम चकेठी निवासी अमर वर्मा ने बताया कि बीते एक सप्ताह से गैस सिलेंडर रिफिल करने के लिए वह जिला मुख्यालय में स्थित गैस एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन मोबाइल से बुकिंग नहीं हो रही है और यहां आने पर भी काफी प्रयास के बावजूद ओटीपी नहीं मिलने से बुकिंग नहीं हो पा रही है।
खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अनूपपुर अनीता सरोते ने बताया कि गैस एजेंसी के सेल्स अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। गैस बुकिंग नहीं होने की शिकायतें प्राप्त हो रही है जिसको लेकर चर्चा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला