Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर,13 मार्च (हि.स)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में उद्योग और अकादमिक जगत के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अहमदाबाद, गुजरात के उद्योग जगत के विशेषज्ञ संजीव कोठारी को विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग में ऑनरेरी प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के पद पर नियुक्त किया है।यह नियुक्ति स्क्रीनिंग सह चयन समिति की संस्तुति तथा कार्यपरिषद के 24 फरवरी 2026 को आयोजित बैठक में अनुमोदन के बाद की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार यह नियुक्ति विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस से संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है।विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने शुक्रवार को बताया कि विश्वविद्यालय की इस पहल से उद्योग जगत के विशेषज्ञों का अनुभव और व्यावहारिक ज्ञान विद्यार्थियों तक पहुंचेगा, जिससे उनके शिक्षण-अधिगम की प्रक्रिया और अधिक समृद्ध होगी तथा अकादमिक जगत और उद्योग के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो सकेगा।नियुक्ति की शर्तों के अनुसार संजीव कोठारी का कार्यकाल एक वर्ष का है। उन्हें आदेश जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा। संजीव कोठारी ने विश्वविद्यालय से कोई भी पारिश्रमिक नहीं लेने पर अपनी सहमति दी है। उन्होंने कहा कि उनकी यह सेवा पूर्वांचल के विकास के लिए समर्पित है। संजीव कोठारी पूर्व में अदानी ग्रुप में टेक्नो हेड के पद पर कार्यरत रहे हैं । साथ ही अदानी ग्रीन एनर्जी तथा विश्व की बड़ी कोयले की खदान (कार माइकल) ऑस्ट्रेलिया में भी अपनी सेवा दे चुके हैं।कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने उम्मीद जताई है कि संजीव कोठारी के अनुभव और विशेषज्ञता से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं और व्यावहारिक पक्षों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी पेशेवर क्षमता और रोजगारपरक कौशल में वृद्धि होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव