Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 13 मार्च (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से दो दिन प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना है। शनिवार को श्रीगंगानगर , हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी जिलों में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को हल्के से मध्यम बादल छाए रहे। बादल छाए रहने से आमजन को तेज गर्मी से राहत मिली है। इससे प्रदेश के शहरों के दिन के तापमान में गिरावट तो वहीं रात के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के 6 शहरों का दिन का पारा 37 डिग्री के पार तो वहीं 9 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 39.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 24.8 डिग्री के साथ फलोदी की रात सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर क अलावा वनस्थली, कोटा, चित्तौडग़ढ़, बाड़मेर, पाली और जोधपुर का दिन का पारा 37 के पार तो वहीं फलौदी के अलावा भीलवाड़ा, जयपुर, कोटा, पाली, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और चूरू का रात का पारा 20 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई तो अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 14 मार्च को गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू जिलों व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं (30-40किमी प्रतिघंटा) के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होने की संभावना है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 19-21 मार्च के दौरान सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है।
राज्य में आगामी एक सप्ताह अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे बने रहने व हीटवेव से राहत जारी रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश