Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जयपुर में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ संवाद बैठक की। बैठक में बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस-जन सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद व सहयोग से शहर की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि व्यापारी भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सहयोग कर रहे हैं। फरवरी माह में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं और आगे भी इनकी संख्या बढ़ाने की योजना है।
सचिन मित्तल ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर ऐसे सीसीटीवी कैमरे लगाएं जिन्हें अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जा सके, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और अपराध नियंत्रण में मदद मिले। उन्होंने बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना की मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों को व्यापारियों को अधिकाधिक कैमरे लगाने और उन्हें कमांड सेंटर से जोड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा।
पुलिस कमिश्नर ने जिला और सर्किल स्तर पर पुलिस-व्यापारी समन्वय समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए, ताकि बाजारों में सुरक्षा, पार्किंग, अतिक्रमण और चोरी-नकबजनी जैसी समस्याओं पर संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश