ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधाएं नजदीक लाना प्राथमिकता : विधायक इंद्र सिंह गांधी
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार में बल्ह में बनी थीं 12 नई पंचायतें,
इंद्र सिंह गांधी विधायक बल्ह विधानसभा क्षेत्र।


मंडी, 13 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में बल्ह विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12 नई पंचायतों का गठन किया गया था। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं भी नजदीक मिलीं। इसके लिए उन्होंने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार है। उन्होंने बताया कि बल्ह क्षेत्र में नई पंचायतों के गठन का मुद्दा वह लगातार मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते रहे हैं। जब मुख्यमंत्री ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज का दौरा किया था, उस समय भी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उनसे इस विषय पर चर्चा की थी और इन क्षेत्र की नई पंचायते बनाने की आवश्यकता के बारे में अवगत कराया था।

उन्होंने बताया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों को नई पंचायत बनाने के लिए प्रस्तावित किया गया था।उन्होंने बताया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में नगर परिषद नेरचौक के वार्ड नंबर-9 डडौर, नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर-14 बैहना और वार्ड नंबर-15 दौंहन्दी को नई पंचायत बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में टिक्कर कलां, खांदला स्टोह ,चतरौर, चहड़ी, खियूरी, करनेहड़ा और गुरकोठा सहित अन्य क्षेत्रों को भी नई पंचायत बनाने की मांग रखी गई थी l

इस संबंध में उन्होंने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह तथा संबंधित अधिकारियों से भी लगातार बातचीत की गईl विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि सरकार ने हाल ही में बल्ह क्षेत्र में तीन नई पंचायतों, टिक्करकला, चतरोर और करनेहडा के गठन की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को विकास कार्यों और प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा