Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- बैठक में मप्र की पीएचई मंत्री ने दी राज्य में किए जा रहे कार्यों की जानकारी
भोपाल, 13 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने शुक्रवार को जल जीवन मिशन 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण जल आपूर्ति तथा पंचायती राज विभागों के मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की।
बैठक में मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) मंत्री संपतिया उइके ने मप्र जल निगम मर्यादित मुख्यालय से वर्चुअली सहभागिता की। मध्य प्रदेश जल निगम के प्रबंध संचालक के.वीएस चौधरी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत देशभर में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा मिशन के अगले चरण में राज्यों की भूमिका और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री संपत्तिया उइके ने मध्य प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की वर्तमान स्थिति से केंद्रीय मंत्री पाटिल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से वर्चुअली अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को लेकर योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
मप्र की पीएचई मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल जीवन मिशन को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पाइपलाइन आधारित जल प्रदाय योजनाओं के विस्तार, जल स्रोतों के सुदृढ़ीकरण तथा गुणवत्तायुक्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में प्रदेश में संचालित योजनाओं की प्रगति, जल प्रदाय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों तथा मिशन के आगामी चरण की कार्य योजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक नल कनेक्शन के जरिए पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में प्रदेश में योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव ला रहा है और इससे ग्रामीण नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार सुनिश्चित हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर