Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- भन्नी एवं हिरवार माइक्रो परियोजना के कार्य जल्द करें: शुक्ल
भोपाल, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को शहडोल के कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों को समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए, जिससे आमजन को उनका लाभ मिल सके।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में प्राप्त निवेश प्रस्तावों पर भी चर्चा करते हुए एमपीआईडीसी एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर प्रस्तावित निवेशकों को शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शहडोल-उमरिया मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति, शहडोल नगरपालिका क्षेत्र में बनने वाले एनिकट और हिरवार एवं भन्नी माइक्रो परियोजना के कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं के कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ कर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि हिरवार एवं भन्नी माइक्रो परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। जिससे किसानों को ग्रीष्म कालीन खेती का लाभ इसी वर्ष से मिल सके।
समीक्षा बैठक में विधायकगण जयसिंह मरावी, मनीषा सिंह व शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर