Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 13 मार्च (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे वे अपने छोटे-छोटे सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
कोरबा जिले में भी इस योजना का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। जिले के सीतामढ़ी क्षेत्र में रहने वाली श्रीमती कृष्णा कुर्रे ने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को बचाकर अपने घर पर ब्यूटी पार्लर शुरू किया है। पहले वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए बाहर जाकर काम करती थीं, लेकिन उनका सपना था कि घर के पास ही अपना कोई काम शुरू करें।
महतारी वंदन योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और उन्हें हर महीने मिलने वाली राशि को धीरे-धीरे बचाना शुरू किया। कुछ समय में लगभग 12 से 15 हजार रुपये जमा होने पर उन्होंने अपने घर में ही ब्यूटी पार्लर खोलने का फैसला किया। आज वे घर से ही अपना काम संचालित कर रही हैं, जिससे उन्हें परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ आय का स्थायी स्रोत भी मिल गया है।
कृष्णा कुर्रे ने बताया कि, उनकी तीन बेटियां हैं और अब वे उनकी छोटी-छोटी जरूरतों को भी आसानी से पूरा कर पा रही हैं। पहले कई आवश्यकताओं के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे खुद कमाकर परिवार का सहयोग कर रही हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और घर में खुशहाली आई है।
उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, राज्य सरकार की इस योजना ने महिलाओं को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। अब वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी