Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 13 मार्च (हि.स.)। राज्य निदेशालय महिला एवं बाल विकास, शिमला के निर्देशानुसार बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर के अंतर्गत नगर परिषद सुंदरनगर के वार्ड 6-बौहट, 4-सलाह और 10-रोपा में आंगनवाड़ी सह-स्थापित क्रेच केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन क्रेच केंद्रों के संचालन के लिए क्रेच कार्यकर्ता तथा सहायिका के पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसके लिए इच्छुक महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी सादे कागज पर अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर के कार्यालय में 17 अप्रैल, 2026 को सायं 5:00 बजे तक जमा करवा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर 20 अप्रैल को प्रातः 11 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर के कार्यालय में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। सभी अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपने सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।
क्रेच कार्यकर्ता पद के लिए अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी सह-क्रेच केंद्र के संग्रहण क्षेत्र का निवासी होना आवश्यक है तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 (बारहवीं) उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। वहीं क्रेच सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। दोनों पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 12 मार्च 2026 तक 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दण्डाधिकारी द्वारा जारी किया होना अनिवार्य है। बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन जमा करने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा