Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायपुर, 13 मार्च (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने कहा कि कांग्रेस द्वारा एलपीजी सिलेंडर को लेकर केवल भ्रम फैलाया जा रहा है एवं जनता के बीच दहशत का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि देश में एलपीजी का स्टॉक भरपूर है और वितरण में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश एक सशक्त राष्ट बन रहा है और आज के हालात बताते है कि जब पूरी दुनिया युध्द के चलते आर्थिक संकटों से जूझ रही है वहीं भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी दृष्टि के चलते अपनी विकास की रफ्तार को कोई कमी नहीं आने दिया। उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में रसोई गैस के लिए लंबी कतारें लगती थीं और ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 10 प्रतिशत परिवारों के पास ही गैस कनेक्शन था, जबकि आज यह संख्या 90 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। भाजपा सरकार ने उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाकर माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने आज जारी अपने बयान में कहा कि राहुल गांधी सहित पूरी कांग्रेस पार्टी देश में लोगों के बीच लगातार एलपीजी सिलेंडर के नाम पर राजनीतिक रोटी सेकने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आपदा में अवसर तलाशने की राजनीति करते हैं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जनता को डराकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी चुनौतियां अवश्य उत्पन्न हुई हैं, लेकिन भारत सरकार की दूरदर्शी नीतियों और मजबूत तैयारियों के कारण देश पर इसका प्रभाव बेहद सीमित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठा रही है। देश में गैस और तेल के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं और प्रदेश में भी गैस, तेल तथा खाद्य सामग्री की कोई कमी नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा