Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रायगढ़, 13 मार्च (हि.स.)। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शुक्रवार को लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत केलो नदी के उद्गम स्थल पहाड़ लुड़ेग तथा खम्हार पाकुट जलाशय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम पहाड़ लुड़ेग में केलो नदी के उद्गम स्थल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर नदी के इतिहास और उद्गम स्थल से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह स्थल प्राकृतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे सुरक्षित और संरक्षित रखने के साथ-साथ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने लैलूंगा से पहाड़ लुड़ेग तक सड़क निर्माण की आवश्यकता पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही ग्राम पंचायत पहाड़ लुड़ेग को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के संबंध में भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपेक्षा की कि केलो नदी के उद्गम स्थल को सुरक्षित और संरक्षित बनाए रखने में वे सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गांव के समग्र विकास और उद्गम स्थल के संरक्षण के लिए ग्रामीण अपने सुझाव 15 दिनों के भीतर प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें आगामी योजनाओं में शामिल किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान