Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरकेला गांव के मानकी साई में खाना बनाते समय चूल्हे में गिरकर एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गणेश बोयपाई (19) के रूप में हुई है। वह दिलीप बोयपाई का पुत्र था। घटना के संबंध में गणेश के पिता दिलीप बोयपाई ने बताया कि बुधवार सुबह घर के सभी लोग प्रतिदिन की तरह शौच के लिए तालाब की ओर गए थे। उस समय घर में गणेश लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहा था।
उन्होंने बताया कि उस दिन गणेश की तबीयत भी ठीक नहीं थी। खाना बन जाने के बाद वह चूल्हे के पास आग ताप रहा था। इसी दौरान संभवत: उसे चक्कर आ गया और वह सीधे चूल्हे में गिर गया, जिससे उसकी छाती और पेट बुरी तरह झुलस गए।
परिजन जब शौच से लौटकर घर पहुंचे तो अंदर से हल्की आवाज सुनाई दी। घर में जाकर देखा तो गणेश आग से झुलस रहा था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया। अस्पताल में दिन भर उसका इलाज चलता रहा, लेकिन गुरुवार की देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दिलीप बोयपाई ने बताया कि गणेश किसी प्रकार का नशा नहीं करता था। उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और वह अविवाहित था।
इधर जैसे ही सदर थाना को इस बात की सूचना मिली पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक