युवक की मौत के बाद बवाल, शव के साथ डेढ़ घंटे तक सड़क जाम
पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव के साथ सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर कुर्मिपुर पुल के पास करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन ठप कर दि
परिजनों से वार्ता करते सीओ एवं अन्य


पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव के साथ सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर कुर्मिपुर पुल के पास करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन ठप कर दिया।

बताया जाता है कि कुर्मिपुर गांव निवासी निरंजन ठाकुर (35) की गुरुवार की शाम गम्हरिया गांव के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शुक्रवार को शव के साथ सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना के एसआई सौरभ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

वहीं अंचल अधिकारी पंकज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन के तहत मृतक के आश्रितों को एक लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशि दी जाएगी और फिलहाल 25 हजार रुपये एक-दो दिनों के भीतर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटा लिया गया। इसके बाद मुख्य सड़क पर आवागमन फिर से सुचारू हो गया।

बताया जाता है कि मृतक निरंजन ठाकुर अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार