आयुक्त ने बुनियादी विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, मिली गंभीर गड़बड़ियां
पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने शुक्रवार को चैनपुर स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन और अन्य अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में क
निरीक्षण करती आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय


पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने शुक्रवार को चैनपुर स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन और अन्य अभिलेखों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं, जिसपर आयुक्त ने प्राचार्य और शिक्षकों के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया।

आयुक्त ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं काे देखा, जहां कुछ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इसके कारण कई छात्राएं कक्षा से बाहर निकलकर शोरगुल कर रहीं थीं। आयुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से कई सामान्य प्रश्न पूछा, लेकिन कई छात्राएं सरल प्रश्नों का भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पायीं। ऐसी स्थिति पर उन्होंने संबंधित वर्ग शिक्षक और प्राचार्य को सही से तरीके से अध्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पहली जिम्मेदारी विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करना है।

आयुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन की दैनिक खपत-सह-स्टॉक पंजी, दैनिक उपस्थिति सारांश सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की। कई पंजी अपडेट नहीं पाये गये। मार्च माह का कॉलम पूरी तरह खाली था। मध्याह्न भोजन से संबंधित संचिका में भी प्रविष्टियां स्पष्ट नहीं थीं और पूर्व में भरे गए कई कॉलम संदेहास्पद और मनगढ़ंत प्रतीत हुआ।

आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि पंजियों को खाली रखना और माह के अंत में एक साथ भरना अनियमितता और स्वेक्षाचारिता की ओर इंगित करता है। उन्होंने सभी अभिलेखों/पंजियों को प्रतिदिन अपडेट करने का स्पष्ट निर्देश दिया। विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी की जांच की गई, जिसमें कई गड़बड़ियां सामने आयीं। कई विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति कम पाई गई, जबकि पंजी में अधिक दर्ज थी। इतना ही नहीं, 14 मार्च की तिथि के सामने कई छात्राओं के नाम पर पहले से ही अनुपस्थित दर्शाते हुए क्रॉस लगा दिया गया था, जबकि निरीक्षण की तिथि 13 मार्च है। आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया।

आयुक्त ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के लिए तैयार मध्याह्न भोजन और स्टॉक में रखे चावल की जांच की। चावल की बोरियों को चूहों के कुतरने पर उन्होंने नाराजगी जतायीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार