Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिमी सिंहभूम, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के गुवा स्थित सेल खदान में प्रस्तावित एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) प्रणाली के खिलाफ शुक्रवार की शाम मजदूरों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। शाम करीब पांच बजे सैकड़ों की संख्या में मजदूरों, यूनियन प्रतिनिधियों और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सेल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एमडीओ व्यवस्था को पूरी तरह रद्द करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी मजदूरों की रैली रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय से शुरू हुई। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर निकले मजदूरों ने गुवा के विभिन्न मार्गों से मार्च करते हुए सेल के जनरल ऑफिस तक रैली निकाली। वहां पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। एमडीओ वापस लो, मजदूर विरोधी नीति बंद करो और स्थानीय रोजगार बचाओ जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस विरोध प्रदर्शन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), सप्लाई मजदूर संघ और झारखंड मजदूर मोर्चा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि सेल प्रबंधन गुवा खदान में एमडीओ प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रहा है, लेकिन मजदूर संगठन और ग्रामीण इसका कड़ा विरोध करेंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में गुवा में एमडीओ प्रणाली लागू नहीं होने दी जाएगी और यदि प्रबंधन ने इसे जबरन लागू करने का प्रयास किया तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा। सभा में वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन धीरे-धीरे मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती कर रहा है। कोलकाता स्थित रुबी अस्पताल के गेस्ट हाउस को बंद कर देने से इलाज के लिए जाने वाले मजदूरों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। करीब एक घंटे तक जनरल ऑफिस के सामने प्रदर्शन जारी रहा। इसके बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन को मांग पत्र सौंपकर एमडीओ प्रणाली रद्द करने, मजदूरों की सुविधाएं बहाल करने और स्थानीय रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के अलावा अंतर्यामी महाकुड़, संजु गोच्छाईत, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती सहित बड़ी संख्या में मजदूर और ग्रामीण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक