Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 13 मार्च (हि.स.)। शहर में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। शहर के पाथरडीह लोको बाजार में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम के अधिकारियों की टीम अचानक होटलों, मटन-चिकन की दुकानों और मिठाई ठेलों पर जांच करने पहुंच गई। निगम की इस कार्रवाई से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भागते नजर आए।
नगर निगम की फूड इंस्पेक्टर पूनम ज्योति और पशु चिकित्सा पदाधिकारी दीपांजली मरांडी के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। टीम ने पाथरडीह लोको बाजार की गलियों में घूम-घूम कर खाने-पीने के सामानों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। इस दौरान केवल खाने के सामान ही नहीं, बल्कि दुकानों के होल्डिंग टैक्स और कमर्शियल लाइसेंस की भी बारी-बारी से जांच की गई।
जांच के दौरान जिन दुकानों के कागजात सही नहीं पाए गए, उन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए 1500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, एक मुर्गा फार्म संचालक टीम को देखते ही दुकान खुली छोड़कर भाग खड़ा हुआ, जिसके खिलाफ अब निगम ने नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को किसी भी हाल में खाने-पीने की चीजों को खुला नहीं रखने का
निर्देश दिया है। साथ ही मटन और चिकन की दुकानों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी तरह के संक्रमण या वायरस का खतरा न रहे। अधिकारियों ने साफ कहा कि इस बार कई दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन अगली बार गड़बड़ी मिलने पर सीधे लाइसेंस रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर फूड इंस्पेक्टर पूनम ज्योति ने कहा कि लोको बाजार में मटन, चिकन और मिठाई दुकानों की जांच की गई है। जांच करने का उद्देश्य साफ-सफाई और लाइसेंस की जांच करना है। उन्होंने कहा कि खुले में मांस बेचना प्रतिबंधित है। जिन लोगों के पास कागजात नहीं हैं, उन्हें चेतावनी दी गई है और उनसे जुर्माना भी वसूला गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा