Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चतरा, 13 मार्च (हि.स.)। चतरा सिमरिया मुख्य पथ में नवोदय विद्यालय के समीप अज्ञात अपराधियाें ने शुक्रवार की देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में हमलावरों के धर पकड़ के लिए अभियान चला रही है। इस घटना की पुष्टि चतरा सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर स्थित नवोदय विद्यालय के समीप चिरैतवा इलाके की है। देर शाम अज्ञात अपराधियों ने चतरा कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे युवक हजारीबाग जिला के केरीडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी कुशियाल साव का पुत्र करमजीत कुमार उर्फ विकास साव गोली चला दी। मृतक युवक नाबालिग से प्रेम प्रसंग के एक मामले में गवाही देने चतरा व्यवहार न्यायालय आया हुआ था।
युवक गवाही देकर अपनी अपाची बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो पर सवार अपराधियों ने उसका पीछा करते हुए धमधमा गांव के पास युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। युवक को कुल तीन गोली लगी और माैत हाे गयी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी