पलामू में तीन भट्टों पर चला बुलडोजर, एक लाख कच्ची ईंट नष्ट
पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरा पंचायत के खुरा खुर्द में रॉयल्टी नहीं जमा करने वाले तीन ईट भट्टों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर एक लाख कच्ची ईंटें नष्ट कर दी गईं। तीनों संचालकों को रॉयल्टी जमा क
कच्ची ईंट नष्ट करता बुलडोजर


पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सेमरा पंचायत के खुरा खुर्द में रॉयल्टी नहीं जमा करने वाले तीन ईट भट्टों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर एक लाख कच्ची ईंटें नष्ट कर दी गईं। तीनों संचालकों को रॉयल्टी जमा करने और सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ईट भट्टे का संचालन करने का निर्देश दिया गया है। कार्रवाई टीम में चैनपुर के अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार दास और अंचल निरीक्षक चंद्रशेखर तिवारी शामिल थे। इस कार्रवाई से लाखों रुपए की कच्ची ईंटें बर्बाद हो गईं हैं। इस कार्रवाई से ईट भट्ठा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि रॉयल्टी नहीं जमा करने पर एमडीएफ के संचालक फहीम हुसैन, एमजेए के संचालक जुनाब अंसारी और ईट भट्टे के संचालक शमीम अंसारी को नोटिस जारी किया गया था। बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

ऐसे में प्रशासनिक टीम शुक्रवार को बुलडोजर लेकर तीनों ईट भट्टे में पहुंची और तैयार कच्ची ईटों को नष्ट कर दिया। अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार दास ने बताया कि रॉयल्टी नहीं जमा करने के कारण अनुमंडल पदाधिकारी के यहां से कार्रवाई का आदेश जारी किया गया था। इस पर कुछ दिनों पूर्व तीनों ईट भट्टों के संचालकों को नोटिस किया गया था। बावजूद इसके रॉयल्टी जमा नहीं कराने के कारण छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई। तीनों ईंट भट्ठों पर लगभग एक साल से रॉयल्टी बकाया थाा।

अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि ईंट भट्टा संचालकों से दस्तावेज की मांग की गई है और रॉयल्टी जमा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी। इसलिए ऐसे ईंट भट्टों के संचालक जो सरकार को राजस्व नहीं दे रहे हैं वे जल्द से जल्द राशि का भुगतान कर दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार