धनबाद के लिए ऐतिहासिक दिन : अमृत भारत एक्सप्रेस का हुआ भव्य स्वागत
धनबाद, 13 मार्च (हि.स.)। दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने वाली पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन शुक्रवार को 2199 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर धनबाद स्टेशन पहुंची। ट्रेन के आगमन पर स्टेशन परिसर में भव्य स्वागत
ट्रेन को झंडी दिखाते सांसद एवं रेल अधिकारी गण


धनबाद, 13 मार्च (हि.स.)। दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने वाली पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन शुक्रवार को 2199 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर धनबाद स्टेशन पहुंची। ट्रेन के आगमन पर स्टेशन परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और यात्रियों ने ट्रेन का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन पोत्तनूर से चलकर लगभग 2199 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए धनबाद पहुंची। अब यह धनबाद–पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में 14 मार्च को दोपहर 2 बजे धनबाद से रवाना होगी और विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए 16 मार्च को सुबह 11:20 बजे पोत्तनूर (कोयंबटूर) पहुंचेगी। रेलवे द्वारा शुरू की गई यह नई ट्रेन धनबाद और पोत्तनूर (कोयंबटूर) के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

ट्रेन का परिचालन बोकारो – रांची – राउरकेला – संबलपुर – टिटिलागढ़ – रायगड़ा – विजयवाड़ा – काटपाडी – सलेम – कोयंबटूर मार्ग से किया जाएगा। फिलहाल इस ट्रेन का संचालन साप्ताहिक आधार पर किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पोत्तनूर से धनबाद तक यह ट्रेन करीब 45 घंटे 45 मिनट में सफर पूरा करेगी और धनबाद से पोत्तनूर लगभग 45 घंटे 20 मिनट में तय की जाएगी।

ट्रेन की संरचना भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। इसमें 8 स्लीपर कोच, 11 जनरल कोच, दो दिव्यांग फ्रेंडली कोच और एक पैंट्री कार शामिल हैं। जिससे लंबी दूरी की यात्रा यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक होगी।

इस नई रेल सेवा से दक्षिण भारत के औद्योगिक क्षेत्रों और पूर्वी भारत के कोयला एवं खनिज क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। खासकर कोयंबटूर और तिरुप्पुर जैसे टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग हब में काम करने वाले झारखंड और ओडिशा के हजारों प्रवासी मजदूरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। पहले इन मजदूरों को अपने घर पहुंचने के लिए कई ट्रेनों का सहारा लेना पड़ता था और लंबी व कठिन यात्रा करनी पड़ती थी, लेकिन अब उन्हें सीधी, सस्ती और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

रेलवे और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस न केवल यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि इससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान सांसद ढुल्लू महतो ने धनबाद लोकसभा क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता ने उनसे कई नई ट्रेनों की मांग रखी थी। इस मांग को उन्होंने गंभीरता से प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के समक्ष रखा जिसे स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में धनबाद को तीन नई ट्रेनें मिल चुकी हैं।

साथ ही दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, गोरखपुर और बक्सर के लिए भी नई ट्रेनों की मांग की गई है जिस पर सकारात्मक सहमति मिली है। सांसद ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री जो वादा करते हैं उसे जरूर पूरा करते हैं और उनके मंत्रिमंडल के मंत्री भी उसे अमल में लाते हैं।

उन्होंने कहा कि धनबाद लगातार विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में यहां और भी कई सुविधाएं मिलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा