Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश
कोरबा, 13 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारियों की बैठक लेकर मसाहती ग्रामों में चल रहे सर्वे कार्य की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी मसाहती ग्रामों का सर्वे आगामी दो माह के भीतर पूर्ण किया जाए और प्रारंभिक तथा अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी कर उसे भुइयां पोर्टल में समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि, मसाहती ग्रामों का सर्वे पूरी सटीकता और व्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि भविष्य में भूमि उपयोग, शासन की योजनाओं और विकास कार्यों में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मसाहती ग्रामों की मिसल का अनिवार्य रूप से मिलान किया जाए और सर्वे के दौरान किसी भी किसान या ग्रामीण की भूमि प्रारंभिक प्रकाशन से वंचित न रह जाए। उन्होंने इस कार्य को शासन की उच्च प्राथमिकता वाला बताते हुए सभी राजस्व अधिकारियों को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 113 मसाहती ग्राम हैं। इनमें से 20 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन और 13 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन हो चुका है, जबकि छह अन्य ग्राम अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया में हैं। कलेक्टर ने दावेदृआपत्ति की प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द अंतिम प्रकाशन करने के निर्देश दिए, ताकि भूमि संबंधी रिकॉर्ड अद्यतन हो सके और विवादों का समाधान हो।
बैठक में निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज, अधीक्षक भू-अभिलेख सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी