Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सूरजपुर, 13 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायत मिलने पर खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों में जांच की। इस दौरान कुल 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 10 सिलेंडर 14.2 किलोग्राम तथा 4 सिलेंडर 5 किलोग्राम के शामिल हैं। जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को इंडेन गैस एजेंसी प्रतापपुर को सौंप दिया गया।
तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक प्रतापपुर की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के पांच प्रतिष्ठानों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान नया बस स्टैंड स्थित रोशन डेली नीड्स से सबसे अधिक 10 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड स्थित शुभम होटल और जायसवाल होटल तथा नया बस स्टैंड स्थित मंगलेश डेली नीड्स और परवेज कुमार के प्रतिष्ठान से एक-एक सिलेंडर जब्त किया गया।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि व्यावसायिक कार्यों के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग करना नियमों के विरुद्ध है। इससे आम उपभोक्ताओं को मिलने वाली गैस आपूर्ति भी प्रभावित होती है। उन्होंने सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने व्यवसाय में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस के अवैध उपयोग के खिलाफ इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह