फर्जी मेडिकल वीजा के सहारे रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े, निर्वासन की कार्रवाई शुरू
नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। बाहरी जिले की विदेशी सेल (फॉरेनर सेल) ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बांग्लादेशी नागरिकों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी लोग कथित तौर पर फर्जी मेडिकल
फर्जी मेडिकल वीजा के सहारे रह रहे 10 बांग्लादेशी की फाेटाे


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। बाहरी जिले की विदेशी सेल (फॉरेनर सेल) ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बांग्लादेशी नागरिकों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी लोग कथित तौर पर फर्जी मेडिकल वीजा के सहारे यहां रह रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए विदेश क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के साथ समन्वय कर निर्वासन की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जिले की फॉरेनर सेल अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए लगातार सत्यापन अभियान चला रही है। इसी कड़ी में टीम को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद इलाके में रह रहे हैं और बुल्गारिया के लिए मेडिकल वीजा हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। छह मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध लोग पीरागढ़ी चौक स्थित डीडीए पार्क के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर फॉरेनर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुप्त निगरानी शुरू की। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही संदिग्ध इधर-उधर भागने लगे, लेकिन सतर्क टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।

जांच के दौरान पकड़े गए लोगों की पहचान फारूक, एमडी सोजिब फकीर, सोहाग मिया, शहाबुद्दीन, एमडी शरजुल इस्लाम शाहिदुल, गोलाम रब्बानी, साजिब मिया, एमडी जाहिरुल, एमडी आलमगीर हुसैन और एमडी अब्दुल कुद्दूस के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान कोई भी वैध पहचान पत्र या यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा सका। आगे की जांच में उनके पास मिले पासपोर्ट और वीजा भी समाप्त अवधि के पाए गए। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद एफआरआरओ के माध्यम से उनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में इंस्पेक्टर सुंदर सिंह के नेतृत्व में एसआई अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल उमेद, रविंदर, अरुण, कांस्टेबल रोहित, सुमेर और महिला कांस्टेबल रेनू शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र दलाल के मार्गदर्शन में की गई। बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी