Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोंडागांव, 13 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के तहत कोंडागांव जिले के नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए आभा आईडी (ABHA ID) बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखना है। जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आभा आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और मितानिन गांवों में जाकर लोगों को आभा ऐप की जानकारी दे रहे हैं और उनके पंजीकरण में सहायता कर रहे हैं।
नागरिक अपने मोबाइल फोन का उपयोग करके भी कुछ ही मिनटों में अपनी आभा आईडी बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें मोबाइल के प्ले स्टोर से आभा ऐप या आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना होगा, अथवा आभा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी पंजीकरण किया जा सकता है। आधार नंबर या मोबाइल नंबर के माध्यम से किया जा सकता है। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करने और नाम, जन्मतिथि जैसी आवश्यक जानकारी की पुष्टि करने के बाद 14 अंकों की एक अद्वितीय आभा आईडी तैयार हो जाती है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी ने बताया कि आभा आईडी एक डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड है। इसमें व्यक्ति की जांच रिपोर्ट, उपचार का विवरण और दवाइयों की जानकारी सुरक्षित रहती है। इससे किसी भी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टर को मरीज की पिछली स्वास्थ्य जानकारी आसानी से मिल जाती है, जिससे बेहतर और त्वरित उपचार संभव होता है।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना और सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य कार्यकर्ता या मितानिन से संपर्क कर अपनी आभा आईडी बनवाएं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे