Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 13 मार्च (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में धनंजय कुमार सिंह ने अपर मंडल रेल प्रबंधक का पदभार ग्रहण किया। यह पद नवीन प्रकाश के दक्षिण पूर्व रेलवे में स्थानांतरण के उपरांत रिक्त हुआ था।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने से पूर्व धनंजय सिंह प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियन्ता के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज, गोरखपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी की डिग्री प्राप्त की है। वे भारतीय रेलवे यांत्रिक सेवा के वर्ष 2007 बैच के अधिकारी हैं। प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत उन्होंने अपने रेलवे करियर की शुरुआत पूर्व तट रेलवे में सहायक मंडल यांत्रिक अभियन्ता के रूप में की।
पीआरओ ने बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने जापान में हाई स्पीड ट्रेन तकनीक का प्रशिक्षण प्राप्त किया। अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें वर्ष 2025 में रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा “अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार” से भी सम्मानित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र