Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 13 मार्च (हि.स.)।सोरम स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर भटगांव, बेंद्रानवागांव और रुद्री ग्राम पंचायत के सरपंच शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। सरपंचों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से शराब दुकान को सोरम से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। इन्होंने चेतावनी दी कि शराब दुकान नहीं हटाने पर चारों गांव के ग्रामीण एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।
ग्राम पंचायत भटगांव के सरपंच फागूराम साहू ने बताया कि सोरम में विगत 15 - 20 साल से शराब दुकान संचालित हो रहा है। इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर पहले भी ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शराब दुकान से केवल 200 मीटर की दूरी पर शासकीय आइटीआइ संचालित है। वहीं 500 मीटर की दूरी में शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला स्थित है। शराब दुकान के आसपास दिनभर शराबियों की मौजूदगी और अभद्र व्यवहार के कारण छात्र - छात्राओं एवं छोटे बच्चों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। शराब दुकान की ओर जाने वाली सड़क मार्ग खराब और सकरी है। शराबियों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े करने और नशे की हालत में गाड़ी चलाने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। शराब दुकान की वजह से गांव का माहौल खराब हो गया है।
शराब दुकान हटाने के समर्थन में पहुंची रुद्री की सरपंच लक्ष्मी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान के पास शराब दुकान संचालित होने से विद्यार्थियों पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। ग्राम पंचायत बेंद्रानवागांव की सरपंच प्रसून शुक्ला ने कहा कि सोरम स्थित शराब दुकान की सीमा बेंद्रानवागांव से लगी हुई है। गांव के कई बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए भटगांव जाते हैं। वहीं भटगांव से शिक्षक यहां पढ़ाने आते हैं। इस सड़क मार्ग से आने जाने वाले छात्रों, महिलाओं और राहगीरों से नशे में लिप्त शराबी अभद्र व्यवहार करते हैं। शराब दुकान के पास स्थित मौली माता मंदिर धार्मिक आस्था का केंद्र है। नशा करने वाले लोग यहां आसपास बैठ कर भी शराब का सेवन करते हैं। ग्रामीणों की समस्या को लेकर आज कलेक्ट्रेट आए हैं। हमारी मांग है कि सोरम के शराब दुकान को यहां से तत्काल हटाया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा