Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित दाउदबाट के समीप शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालू लदा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार से हबीबपुर से कजरैली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे पैदल जा रही महिला ट्रैक्टर के पीछे लगे ट्रॉली में फंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के फंसने के बावजूद चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार कम नहीं की, बल्कि तेजी से वाहन लेकर आगे बढ़ता रहा। इसके कारण महिला करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक बालू लदा वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं, इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और कई घंटों तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश में जुट गई। पुलिस की घंटों मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों ने जाम हटाया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर