Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 13 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में पेंशनरों को साइबर अपराधों से बचाने और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा द्वारा शुक्रवार को शिमला में विभाग और बीएसएनएल के पेंशनरों के लिए त्रैमासिक पेंशन अदालत आयोजित की गई।
हाल के समय में साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए इस कार्यक्रम के साथ एक वित्तीय जागरूकता शिविर भी लगाया गया। यह शिविर एसबीआई की कालीबाड़ी शाखा के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें पेंशनरों को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पेंशनरों को बताया कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी गोपनीय रखें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
इस त्रैमासिक पेंशन अदालत की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के नियंत्रक संचार लेखा दीपक कुमार ने की। कार्यक्रम के दौरान पेंशनरों की समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया। हालांकि इस अवसर पर किसी भी पेंशनर की ओर से कोई औपचारिक शिकायत सामने नहीं आई। पेंशनरों ने पेंशन से जुड़े मामलों के समय पर निपटान और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही रक्त जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनरों ने उत्साह के साथ भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाई।
इस मौके पर नियंत्रक संचार लेखा दीपक कुमार ने कहा कि विभाग पेंशनरों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेंशनरों की सभी समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान किया जाएगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा