Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और वे जनता तथा सरकार के बीच संवाद का मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। पत्रकारों पर समाज का विश्वास होता है और वे जनहित के मुद्दों को सामने लाकर समाज को जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि जब मीडिया निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ काम करता है तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेशभर से आए पत्रकारों से संवाद कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनहित की खबरों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण काम करते हैं। सूचना के इस दौर में पत्रकारों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि वे लोगों तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस वर्ष के बजट में पत्रकारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत दी जाने वाली सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके साथ ही राजस्थान आवासन मंडल के माध्यम से जयपुर में पत्रकारों के लिए आवासीय योजना लाने की भी घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। ग्राम पंचायत से लेकर नगर निकायों तक समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर और माही जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है और वर्तमान में 22 जिलों में दिन में बिजली दी जा रही है। वर्ष 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके सुझाव सुने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न पत्रकार संगठनों, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित