छग विधान सभा :भाजपा विधायक सुनील सोनी ने की राजधानी रायपुर में लगे हजारों छातिम पेड़ों को काटने की मांग
रायपुर, 13 मार्च (हि.स.)।शुक्रवार को विधानसभा के शून्यकाल के दौरान भाजपा विधायक सुनील कुमार सोनी ने रायपुर शहर में बड़ी संख्या में लगाए गए छातिम वृक्षों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इन पेड़ों से निकलने वाले परागकण और गंध के कारण लोगों को सांस
भाजपा विधायक सुनील सोनी


रायपुर, 13 मार्च (हि.स.)।शुक्रवार को विधानसभा के शून्यकाल के दौरान भाजपा विधायक सुनील कुमार सोनी ने रायपुर शहर में बड़ी संख्या में लगाए गए छातिम वृक्षों का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि इन पेड़ों से निकलने वाले परागकण और गंध के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है, जिससे दमा और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।विधायक ने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

-

सोनी ने सदन में यह भी दावा किया कि छातिम के वृक्ष केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि पर्यावरणीय दृष्टि से भी नुकसानदायक साबित हो रहे हैं। उनके मुताबिक इन पेड़ों के कारण आसपास के जलस्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और भूजल स्तर में भी गिरावट देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर विशेषज्ञों की राय लेकर उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।

भाजपा विधायक ने सदन को बताया कि मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में छातिम वृक्षों के रोपण पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। ऐसे में राजधानी रायपुर में बड़ी संख्या में मौजूद इन पेड़ों को लेकर भी सरकार को जनहित में निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि शहर में लगे छातिम वृक्षों को हटाने और उनके स्थान पर अन्य उपयोगी पौधों के रोपण की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाए।

विधायक ने जनहित का हवाला देते हुए राजधानी रायपुर में लगे हजारों छातिम पेड़ों को काटने या बदलने की मांग की है। उन्होंने दलील दी कि मध्य प्रदेश सरकार ने भी पहले ऐसे आदेश जारी किए थे। विभागीय मंत्री ओपी चौधरी ने इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा