Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सारण, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के विरुद्ध एक मौलाना द्वारा की गई अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सारण के भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। इस कृत्य के विरोध में भारतीय जनता पार्टी सारण के तत्वावधान में शहर की हृदयस्थली कहे जाने वाले नगर पालिका चौक पर विरोध प्रदर्शन किया गया और आरोपित का पुतला दहन किया गया।
जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपी मौलाना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दोपहर 1:30 बजे कार्यकर्ताओं का हुजूम नगर पालिका चौक पर इकट्ठा हुआ, जहाँ आरोपी मौलाना का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ऐसी संकीर्ण मानसिकता वाले व्यक्तियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए जो सार्वजनिक मंचों से माता-बहनों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर समाज में विद्वेष फैलाते हैं।
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने सामूहिक रूप से इस घटना की निंदा की। मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने कहा किसी की भी माता के प्रति अमर्यादित शब्दों का प्रयोग भारतीय संस्कृति विरुद्ध है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की माता के प्रति की गई टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि संपूर्ण मातृशक्ति का अपमान है।
निवर्तमान जिला अध्यक्ष रामदयाल शर्मा और महामंत्री विवेक सिंह ने भी संबोधित करते हुए कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले लोग मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला प्रवक्ता प्रकाश रंजन निक्कू सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे जिन्होंने एक स्वर में आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त सजा सुनिश्चित करने की मांग की। पुतला दहन के कारण कुछ देर के लिए चौक पर आवागमन बाधित रहा जिसे पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से सुचारू कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार