Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को भोजीपुरा क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हॉल को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण किए जाने पर की गई।
प्राधिकरण के अनुसार ग्राम भूरा अस्सी डग आउट के पास बड़ा बाईपास, थाना भोजीपुरा क्षेत्र में श्री गुलाम साबिर पुत्र शेर बहादुर खान द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भूतल पर हॉल का निर्माण कराया गया था। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य बरेली विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना कराया गया है। इसके बाद उ.प्र. नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी और प्रवर्तन टीम भी मौके पर मौजूद रही। बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंदन ए ने कहा कि विकास क्षेत्र में बिना स्वीकृति कराए गए अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार