Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


गोरखपुर, 13 मार्च (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में विश्व किडनी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को फैकल्टी ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल की तरफ से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. धैर्य प्रकाश प्रजापति ने किडनी रोगों के प्रमुख कारणों, उनके बचाव के उपायों तथा उपचार सम्बंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
डॉ. प्रजापति ने बताया कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल को नियंत्रित रखना बहुत आवश्यक है। साथ ही फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचना चाहिए। उन्होंने गुर्दा प्रत्यारोपण के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि डायलिसिस एक अस्थायी उपचार है, जबकि गुर्दा प्रत्यारोपण किडनी फेलियर के मामलों में एक स्थायी उपचार माना जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पैरामेडिकल के प्राचार्य डॉ. रोहित कुमार श्रीवास्तव के स्वागत सम्बोधन से हुआ। उन्होंने किडनी रोगों के प्रति समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। आभार ज्ञापन खुशी चौधरी ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय