Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सूरजपुर, 13 मार्च (हि.स.)। देश सेवा का सपना देखने वाले जिले के युवाओं के लिए भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सूरजपुर कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में जिले के सभी महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक और आईटीआई संस्थानों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो युवाओं को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इस अभियान में भूतपूर्व पैराकमांडो पुरुषोत्तम चंद्रा भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे जनपद पंचायतों, महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक और आईटीआई संस्थानों में जाकर युवाओं को भारतीय सेना में सेवा के अवसर, चयन प्रक्रिया और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। उनके अनुभव और प्रेरक संबोधन से युवाओं में सेना के प्रति उत्साह देखा जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को शासकीय महाविद्यालय प्रेमनगर, आईटीआई प्रेमनगर, शासकीय महाविद्यालय ओडगी और आईटीआई ओडगी में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यशालाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और अपने सवालों के जवाब भी पाए।
कार्यशाला में बताया गया कि अग्निवीर पुरुष (जनरल, तकनीकी, लिपिक, स्टोरकीपर और ट्रेड्समैन) के साथ ही अग्निवीर महिला तथा स्थायी कैडर के नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा पदों के लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा 1 जून से 10 जून 2026 के बीच आयोजित होने की संभावना है। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा के गौरवशाली मार्ग पर आगे बढ़ें। भर्ती से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी और मार्गदर्शन के लिए जनपद पंचायत कार्यालय तथा जिला रोजगार कार्यालय सूरजपुर से संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह