प्रधानमंत्री ने अजमेर से किया राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ
-प्रदेश को दी 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात जयपुर/अजमेर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से प्रदेशवासियों को 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत के 43 प्रमुख कार्यों एवं परियोजनाओं के शिलान्यास और
परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण


-प्रदेश को दी 16 हजार 686 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

जयपुर/अजमेर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अजमेर से प्रदेशवासियों को 16 हजार 686 करोड़ रुपये की लागत के 43 प्रमुख कार्यों एवं परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण की सौगात दी। इनमें 8 हजार 554 करोड़ रुपये की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं, जबकि 8 हजार 132 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाएं केंद्र सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी हैं।

प्रधानमंत्री ने कायड़ विश्रामस्थली में बने टीकाकरण स्थल से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने 9 से 14 वर्ष की पांच बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका लगाए जाने के बाद उनसे संवाद किया।

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं को प्रभावित करने वाला एक गंभीर रोग है। विश्व स्तर पर इसके लगभग 99 प्रतिशत से अधिक मामलों का मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है। टीकाकरण के लिए यू-विन प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थिति रहे।

प्रधानमंत्री ने 4 हजार 516 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें लगभग 1 हजार 208 करोड़ रुपये की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे व 1 हजार 114 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे का लोकार्पण किया गया।

वहीं, प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण के लोकार्पण के विभिन्न कार्यों में 103 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग 248ए पर शाहपुरा से थानागाजी तक टू लेन सड़क, 546 करोड़ रुपये के देवगढ़ से राजस्थान गुजरात सीमा तक (चरण-एक) सड़क निर्माण कार्य, 190 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग 89 के (नया एनएच 58) अजमेर-नागौर सेक्शन के पेव शोल्डर के साथ टू लेन में अपग्रेडेशन एवं 110 करोड़ रुपये की लागत के जैसलमेर सम धनाना रोड़ के चौड़ाईकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य शामिल है।

मोदी ने जयपुर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के सांगानेर फ्लाईओवर से चौरड़िया पेट्रोल पम्प होते हुए मालपुरा गेट तक एलिवेटेड रोड, जोधपुर शहर में महामंदिर से अखल्या चौराहे तक 1 हजार 243 करोड़ रुपये की लागत से 4 लेन एलिवेटेड रोड, बारां जिले में 322 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के मालबमोरी-मांगरोल-बारां राज्य राजमार्ग एवं सवाईमाधोपुर में 111 करोड़ रुपये की लागत के एनएच 552 पर कुस्तला-सवाईमाधोपुर सेक्शन के फॉर लेन कार्य का शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जोधपुर पाली मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र (जेपीएमआईए) में 526 करोड़ रुपये के आधारभूत संरचना और पेयजल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास किया। इसी प्रकार स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के लिए नोनेरा वृहद् पेयजल परियोजना के 1021 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 4 पैकेज और परवन अकावद वृहद् पेयजल परियोजना के 2 हजार 247 करोड़ रुपये की लागत के 5 पैकेजों की एवं बीकानेर जिले के वृहद पेयजल परियोजना के 660 करोड़ रुपये के 2 कार्यों की आधारशिला रखी। बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, हनुमानगढ़ एवं डूंगरपुर जिले में नहरों के विकास एवं जीर्णोंद्धार के कार्यों का भी शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री ने राजस्थान में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के प्रमुख केंद्रों से बिजली के सुगम पारेषण के लिए 3 हजार 616 करोड़ रुपये की पारेषण प्रणाली का लोकार्पण किया। साथ ही, 220 केवी के पांच और 400 केवी के दो ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) सहित 1781 करोड़ रुपये के विद्युत से जुड़े विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 21 हजार 863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 3 हजार 320 पटवारी (राजस्व), 2 हजार 291 संविदा कनिष्ठ तकनीकी सहायक और संविदा लेखा सहायक (ग्रामीण विकास), 2 हजार 590 पशुधन सहायक, 281 पशु परिचर, 3 हजार 822 सीएचओ, 472 फार्मा असिस्टेंट, 203 कम्पाउन्डर आयुर्वेद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर 335, 7 हजार 357 पब्लिक हेल्थ केयर नर्स, मेडिकल लैब तकनीशियन, लैब तकनीशियन, नर्सिंग प्रभारी, नर्सिंग ट्रेनर, नर्सिंग ट्यूटर, नर्स, नर्स ग्रेड-द्वितीय एवं खनन विभाग में विभिन्न पदों पर 101 सहित स्कूल शिक्षा एवं अन्य विभागों की नियुक्तियां शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित