Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 27 पर दौलतपुर मझौआ चौक के समीप शनिवार की शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक रहने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए उच्चतर केंद्र रेफर कर दिया गया।
वहीं, मौके पर युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और एनएच 27 को जाम कर दिया।
सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस और जनप्रतिनिधियों को परिजनों व ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
मृतक की पहचान श्रीपुर निवासी 25 वर्षीय बिट्टू झा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय विकास कुमार झा, निवासी श्रीपुर, के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक श्रीपुर से सिमराही जा रहे थे, तभी मझौआ चौक के पास यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे के कारण करीब तीन किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थानीय पूर्व मुखिया भूपेंद्र मेहता ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ट्रक (संख्या UP21CN 8870) और पल्सर बाइक हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सड़क जाम हटाने की कार्रवाई भी की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र