Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर स्थित एक पार्क के पास नाली में युवक का शव मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने शनिवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पार्क के पास नाली में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस बल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान नौबस्ता थाना क्षेत्र के ए ब्लॉक निवासी विश्वनाथ सिंह (30) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विश्वनाथ एक शादी समारोह में शामिल होने संजय नगर आया हुआ था। मौके पर मौजूद बारातियों ने भी बताया कि समारोह के दौरान वह अत्यधिक नशे में था और कई बार जमीन पर गिरा था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में गिरने से हुई आकस्मिक मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप