Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के नौडिहवा गांव के पास नहर किनारे खड़ी पशु लदी पिकअप की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शनिवार भोर करीब पांच बजे वाहन सहित सात गोवंशों को कब्जे में ले लिया। पिकअप मालिक के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय पशु तस्कर राजगढ़–मधुपुर मार्ग से पशुओं को बिहार वध के लिए ले जाते हैं। शुक्रवार रात एक पिकअप में सात गोवंश लादकर ले जाया जा रहा था। नौडिहवा गांव की नहर पर पहुंचते ही वाहन का अगला पहिया पंचर हो गया। रात होने के कारण मरम्मत नहीं हो सकी और तस्कर पशुओं समेत पिकअप को छोड़कर फरार हो गए।
शनिवार सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने नहर पर लावारिश खड़ी पिकअप देखी। तिरपाल हटाकर देखने पर अंदर रस्सी से बंधे गोवंश मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर से पिकअप को खिंचवाकर थाने पहुंचाया। वाहन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान कर उसके विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बरामद सातों गोवंशों को पशु आश्रय केंद्र भेज दिया गया है।
इस संबंध में राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि वध के लिए ले जाए जा रहे सात गोवंश बरामद हुए हैं। पिकअप मालिक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा